निरीक्षण में अनियमितताएं मिलने पर डीएसओ ने की कार्रवाई, कार्डधारकों को दूसरी दुकान से जोड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर। शहर में एक और राशन विक्रेता गड़बड़ी के मामले में फंस गया है। केंद्रीय उपभोक्ता भंडार की राशन दुकान पर 10.99 क्विंटल खाद्यान्न कम पाया गया। यहां अन्य अनियमितताएं भी मिलीं, जिस पर जिला पूर्ति अधिकारी ने दुकान को निलंबित कर दिया और कार्डधारकों को दूसरी दुकान से संबद्ध कर दिया।
राशन वितरण में धांधली लगातार सामने आ रही है। दो दिन पहले भी एक राशन विक्रेता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसी बीच क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी व पूर्ति निरीक्षक ने नगर क्षेत्र स्थित घेर पीपलवाला मोहल्ले की केंद्रीय उपभोक्ता भंडार की राशन दुकान का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सेल्समैन जुल्फेकार अली मौजूद नहीं थे, उनके स्थान पर उनका बेटा मिला। जांच में 10.88 क्विंटल गेहूं और 11 किलोग्राम चावल कम पाया गया, जबकि 57 किलोग्राम चीनी अधिक मिली। दुकान पर दो कांटे मिले। पात्र एवं अंत्योदय कार्डधारकों की सूची प्रदर्शित नहीं थी। रेट बोर्ड, साइन बोर्ड और टोल फ्री नंबर भी नहीं मिला।
जांच रिपोर्ट आने के बाद जिला पूर्ति अधिकारी पूरन सिंह चौहान ने दुकान को निलंबित कर दिया और इसे पास की महबूब अली मंसूरी की दुकान से संबद्ध कर दिया। डीएसओ ने कहा कि राशन वितरण में घपलेबाजी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
-
एक राशन विक्रेता ने दिया इस्तीफा, दुकान निरस्त
रामपुर। शहर के मोहल्ला घेर कलंदर खां स्थित राशन विक्रेता आसिफ खां ने पूर्ति कार्यालय पहुंचकर राशन दुकान चलाने से इन्कार करते हुए इस्तीफा दे दिया। उन्होंने खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए दुकान चलाने में असमर्थता जताई। डीएसओ पूरन सिंह चौहान ने उनका इस्तीफा मंजूर कर दुकान का अनुबंध निरस्त कर दिया। अब यहां के कार्डधारकों को मोहल्ले के ही राशन विक्रेता फिरोज खां की दुकान से संबद्ध कर दिया गया है। संवाद