पटवाई थाना क्षेत्र के एक गांव में झूला चलाने वाले 40 वर्षीय युवक पर छह साल की मासूम के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीड़िता के पिता ने बताया कि सोमवार को गांव में तीन शादियां थीं, जिसमें गांव के ही 40 वर्षीय व्यक्ति ने झूला लगाया हुआ था। जिसमें छह वर्षीय बेटी झूले पर झूलने के लिए गई थी। आरोप है कि झूला मलिक बेटी को 10 रुपए का लालच देकर गांव के ही सामुदायिक शौचालय में ले गया।
जहां उसने बेटी के साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म करने के बाद आरोपी बेहोशी हालत में बच्ची को छोड़कर फरार हो गया। कुछ देर बाद बेटी को होश आया तो उसने घर पर आकर आप बीती बताई। इसके बाद सोमवार की शाम को पीड़िता के पिता ने पटवाई थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायती पत्र के आधार पर दुष्कर्म और पाॅक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सोमवार रात में ही शाहाबाद सीओ अतुल कुमार पांडे जांच करने मौके पर पहुंचे। पटवाई थाना प्रभारी अजय शर्मा ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।
छह वर्षीय बच्ची को रामपुर जिला अस्पताल मेडिकल के लिए भेज दिया है। फिलहाल आरोपी युवक फरार है। जल्द ही उसको गिरफ्तार कर लिया जाएगा।