रामपुर। ओडीओपी (एक जिला एक उत्पाद) के तहत चयनित उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान किया जाएगा। इसके लिए दिल्ली के प्रगति मैदान में अंतरराष्ट्रीय ट्रेड फेयर का मंच दिया जाएगा। उत्पादकों से इस मंच का इस्तेमाल कर अपने कारोबार को उड़ान मिलेगी। उद्याेग विभाग रामपुर ने कारिगरों से ट्रेड फेयर में शामिल होने के लिए आवेदन मांगे हैं।
स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए एक जिला एक उत्पाद योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत प्रत्येक जिले के एक उत्पाद का चयन इस योजना के तहत किया गया था। रामपुर के लिए जरी-जरदोजी उत्पाद का चयन शासन स्तर पर किया गया है। रामपुर में जरी जरदोजी का करीब पचास करोड़ सालाना का कारोबार है। शासन स्तर से एक जिला एक उत्पाद को बढ़ावा देने के लिए कारीगरों को अंतरराष्ट्रीय मंच दिया जाएगा। इसके लिए उद्योग विभाग की ओर से नवंबर माह में अंतरराष्ट्रीय ट्रेड फेयर दिल्ली में लगाया जाएगा। इस ट्रेड फेयर में यूपी के सभी जिलों के ओडीओपी योजना के तहत विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस प्रदर्शनी में हर जिले के उत्पादों का प्रदर्शन किया जा सकेगा। इसके लिए उद्योग विभाग की ओर से कारोबारियों को आमंत्रित किया गया है। स्टाल लगाने के लिए आवेदन पांच अक्तूबर तक किया जा सकता है।
14 से 27 नवंबर तक लगेगा अंतरराष्ट्रीय ट्रेड फेयर
14 से 27 नवंबर तक दिल्ली के प्रगति मैदान में ट्रेड फेयर चलेगा। उपायुक्त उद्योग मनीष कुमार के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय ट्रेड फेयर में विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी के साथ ही विभिन्न उत्पादों की बिक्री की होगी। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कारिगरों को पांच अक्तूबर तक आवेदन करने होंगे।