खजुरिया क्षेत्र के अहरोला गांव में ट्यूबवेल पर चोरी करते समय एक व्यक्ति को मौके पर पकड़ लिया गया। ग्रामीणों ने उसकी जमकर पिटाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी को चोरी किए गए सामान समेत थाने ले गई। पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि खजुरिया थाना क्षेत्र के अहरोला गांव निवासी अजमेर पुत्र महेंद्रपाल ने 15 मई की देर रात रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि अहरोला के जंगल में खेत में एक उनका ट्यूबवेल लगा है। बुधवार देर रात ट्यूबवेल पर एक व्यक्ति को ग्रामीणों ने चोरी करते समय मौके पर पकड़ लिया।
ग्रामीणों ने पिटाई कर दी। खेत स्वामी अजमेर सिंह ने चोरी की सूचना पुलिस को दी। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम व पता बमनपुरा गांव निवासी नाजिर बताया। पुलिस ने उसके कब्जे से दो बैटरी और तार बरामद किया। आरोपी को जेल भेज दिया गया।
नाबालिग से छेड़खानी में रिपोर्ट दर्ज
पटवाई थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि वह अपनी पत्नी के साथ घेर में सो रहा था। जबकि उसकी नाबालिग बेटी घर पर अकेली सो रही थी। इस बीच गांव का ही एक युवक उसके घर में घुस आया और उसकी बेटी के साथ छेड़खानी करने लगा।
बेटी के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों को उसकी बेटी ने पूरी घटना बताई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
छेड़खानी के आरोप में युवक पर रिपोर्ट दर्ज
मिलक में परिजनों के साथ थाने पहुंची एक युवती ने पुलिस को बताया कि कोतवाली क्षेत्र के बेहटरा निवासी सुभाष का उसके गांव में आना जाना था। युवक ने पहले उसका पीछा करना शुरू किया। फिर उसे प्रेम जाल में फंसाया। शादी का झांसा देकर उससे गलत हरकतें कीं।
युवक पर शादी का दबाव बनाने पर वह टाल-मटोल करता रहा। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर युवक के खिलाफ छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज की है।