रामपुर। अब एक क्लिक पर सरकारी दफ्तरों में फाइलों का निस्तारण शुरू हो गया है। प्रयोग के तौर पर फिलहाल कलक्ट्रेट में यह व्यवस्था लागू की गई है,जिस पर रामपुर के अफसरों ने ई आफिस व्यवस्था के जरिए 77 फाइलों का निस्तारण कर मंडल में बाजी मारी है, जबकि प्रदेश में रामपुर की छठी रैंक आई है।
सरकारी कामकाज को पेपरलेस करने की कवायद शासन स्तर पर की जा रही है। शासन के आदेश पर रामपुर में यह व्यवस्था फिलहाल कलेक्ट्रेट में ही लागू की गई है। कलेक्ट्रेट में डीएम ने 77 फाइलों का निस्तारण ई-आफिस के जरिए किया है। फिलहाल रामपुर ने मंडल में पहला स्थान हासिल किया है,जबकि शासन की ओर से जारी रैंक में रामपुर का नाम छठे स्थान पर है। कलक्ट्रेट में ई-आफिस की व्यवस्था लागू होने के बाद प्रशासन अब जिले के अन्य सभी दफ्तरों में यह व्यवस्था लागू करने जा रहा है। इसके लिए प्रशासन की ओर से कवायद तेज कर दी गई है। इस व्यवस्था को फिलहाल विकास भवन, तहसील प्रशासन के साथ ही अन्य सरकारी दफ्तरों में लागू कराने की तैयारी का जा रही है। डीएम जोगिंदर सिंह ने बताया कि ई-आफिस की व्यवस्था को लागू किया जा रहा है। जिले के सभी दफ्तरों में यह व्यवस्था जल्द ही लागू हो जाएगी।
एनआईसी कर्मियों को देगा प्रशिक्षण
ई-आफिस की व्यवस्था को लागू कराने के लिए एनआईसी को कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एनआईसी के एक्सपर्ट अब ई-आफिस की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए काम शुरू करेंगे।