रामपुर। रक्षाबंधन के त्योहार पर हर साल की तरह इस बार भी डिपो में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मुख्यालय स्तर से स्कीम आने के बाद अब भीड़ को संभालने और यात्रियों की सहूलियत के लिए योजना तैयार हो रही है। 20 बसों को रिजर्व में रखा जाएगा, ताकि तत्काल रूट पर भीड़ बढ़ने पर बसों को दौड़ाया जा सके। इसके अलावा बरेली और मुरादाबाद रूट पर फेरे बढ़ाए जाएंगे, जिससे यात्रियों को सहूलियत मिल सके।
रामपुर रोडवेज डिपो में मौजूदा समय में 96 बसें संचालित हैं और ये बसें गोरखपुर, दिल्ली, आगरा, बरेली, मुरादाबाद, कौशांबी, मेरठ समेत अन्य जिलों में यात्रियों को सफर कराती हैं।
मुख्यालय स्तर से चालक-परिचालक और अन्य कर्मचारियों के लिए प्लान आ चुका है, जिसमें रक्षाबंधन वाले दिन काम करने पर अतिरिक्त मानदेय दिया जाएगा। स्कीम आने के बाद सभी चालक-परिचालकों और कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी जा चुकी है। अब व्यवस्थाओं को मुकम्मल करने की तैयारी चल रही है।
रोडवेज ने 20 बसों को रिजर्व किया है। इनमें बरेली और मुरादाबाद रूट पर अतिरिक्त सेवा तैयार रहेगी। वहीं जिस रूट के यात्री अधिक होंगे, परिस्थितियों के हिसाब से उस रूट पर भी बस को लगा दिया जाएगा, ताकि यात्रियों को सहूलियत मिल सके और राजस्व में बढ़ोत्तरी हो सके।
इसके लिए अभी से पुरानी बसों की मरम्मत शुरू कर दी गई है। फायर उपकरण से लेकर मेडिकल किट तक सभी की व्यवस्था बसों में की जा रही है। 26 से 31 अगस्त तक चलने वाली योजना के तहत काम किया जाएगा।
000
रेलवे की तरफ से छह ट्रेनें
रोडवेज की तरह ही रेलवे ने भी अपनी तैयारी की है। बताया जा रहा है कि रामपुर रेलवे स्टेशन से छह विशेष ट्रेनें गुजारी जाएंगी, ताकि यात्रियों को सहूलियत मिल सके। ऐसे में धक्कामुक्की और किसी भी तरह की मारामारी से बचाव रहेगा।
000
वर्जन
रक्षाबंधन के त्योहार के लिए मुख्यालय स्तर से स्कीम आ चुकी है। तिथि अनुसार काम किया जाएगा और अतिरिक्त बसें लगाई जाएंगी और फेरे भी बढ़ाए जाएंगे, ताकि यात्रियों को सहूलियत मिल सके। -रामप्रकाश, रामपुर रोडवेज डिपो, रामपुर