रामपुर। रामपुर ने प्रदेश के सभी जनपदों में सर्वाधिक आयुष्मान कार्ड बनाकर पहला स्थान हासिल किया है। डीएम अजय कुमार द्विवेदी के एक जनवरी से चल रहे आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य विशेष अभियान के तहत यह उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त हुई है।
इस अभियान के तहत ब्लॉकवार एएनएम, आशा संगिनी, आशा और सीएचओ की टीमें बनाई गई हैं, जो कैंप लगाकर और घर-घर भ्रमण कर पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बना रही हैं। एक जनवरी को जनपद ने प्रदेश में सबसे अधिक कार्ड बनाकर पहला स्थान प्राप्त किया। दो जनवरी को दूसरे स्थान पर रहने के बाद तीन जनवरी को फिर से सर्वाधिक कार्ड बनाकर प्रदेश में शीर्ष पर पहुंच गया।
डीएम अजय कुमार ने बताया कि जिले में अब तक 6,06,975 लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे ब्लॉकवार बनी टीमों का सहयोग कर अपना आयुष्मान कार्ड बनवाएं। ब्यूरो