सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के गांव शादी की मड़ैयान निवासी मोहम्मद सलीम (60) ने अपने आठ साल के बेटे आरिस और छह साल की बच्ची इरम के साथ शुक्रवार जहर खा लिया था। सलीम और इरम की हालत ज्यादा गंभीर मानते हुए मुरादाबाद रेफर कर दिया गया था। इलाज के दौरान शनिवार को दोनों की मौत हो गई।
सलीम की पत्नी मेहताब जहां का आरोप है कि राजस्व विभाग के अधिकारी उनको बेघर करना चाहते थे। तहसील प्रशासन तालाब की जमीन पर निर्माण बताकर घर खाली कराना चाहता है। मेहताब जहां का आरोप है कि कुछ दिन पहले तहसीलदार ने मकान खाली करने के लिए नोटिस दिया था। इसके बाद रोज कहा जाता था कि तुम्हारा घर टूटेगा।
परिवार में सात बच्चे और तहसील की ओर से मकान खाली कराने की कोशिश से वह तनाव में थे। कुछ दिनों से किसी से कुछ नहीं बोल रहे थे। शुक्रवार की दोपहर उन्होंने अपनी दुकान पर बेटे और बेटी के साथ जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर तीनों को अस्पताल लाया गया। सलीम और इरम की स्थिति गंभीर होने पर दोनों को मुरादाबाद के कॉसमॉस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां दोनों की मौत हो गई।