एसपी अशोक कुमार शुक्ला ने बताया कि मुंबई पुलिस उड़ीसा से तीन लोगों को रिमांड पर अपने साथ ले गई है। इसमें वह मजदूर भी शामिल है, जिसके नंबर से धमकी दी गई। उड़ीसा, रामपुर और मुरादाबाद की टीम अब लौट रही है।
रामपुर से भाजपा सांसद को फोन पर धमकी भरे मैसेज भेजने के मामले में तीन लोगों की शिनाख्त रामपुर और मुरादाबाद पुलिस ने की थी। लेकिन उनको मुंबई की पुलिस रिमांड पर लेकर अपने साथ ले गई। मुंबई पुलिस भी वहां के एक भाजपा नेता को धमकी भरे मैसेज भेजने की जांच कर रही है और रामपुर और मुरादबाद की पुलिस से पहले वो उड़ीसा के गजपति जिला के रायगढ़ में पहुंची हुई थी।
विज्ञापन
सांसद घनश्याम सिंह लोधी को लश्कर-ए-खालसा के नाम पर धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। उन्होंने पूरे मामले की शिकायत एसपी से की थी। इसके बाद सिविल लाइंस कोतवाली में धमकी भरे संदेश भेजने वाले संदीप सिंह के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज करा दी गई थी। बार-बार धमकी भरे संदेश मिलने के बाद सांसद की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। पुलिस की सर्विलांस टीम के साथ-साथ खुफिया एजेंसिया भी इस मामले की जांच कर रही हैं।
पुलिस को जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक उड़ीसा के नंबर से सांसद को धमकी दी जा रही है। इसके बाद रामपुर और मुरादाबाद पुलिस की टीम उड़ीसा के गजपति जिले के रायगढ़ के लिए रवाना हुई थी। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जिस व्यक्ति के नंबर से धमकी भरे मैसेज व्हाट्सएप के जरिए भेजे जा रहे थे वो एक मजदूर है। वह इस नंबर को बंद करा चुका है, लेकिन इस नंबर को हैक करके इसका इस्तेमाल किया जा रहा है।
विज्ञापन
एसपी अशोक कुमार शुक्ला ने बताया कि मुंबई पुलिस उड़ीसा से तीन लोगों को रिमांड पर अपने साथ ले गई है। इसमें वह मजदूर भी शामिल है, जिसके नंबर से धमकी दी गई। उड़ीसा रामपुर और मुरादाबाद की टीम अब लौट रही है। टीम शनिवार तक यहां आ जाएगी। हालांकि एसपी का कहना है जिस मजदूर का नंबर धमकी भरे मैसेज भेजने में किया गया उसका इससे उसका कोई लेना-देना नहीं है। कोई उसका नंबर हैक करके मैसेज भेज जा रहा था।