संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू) उपमंडल चौपाल तहसीलदार चौपाल उमेश शर्मा और पुलिस टीम ने चौपाल बस स्टैंड से लेकर सिविल अस्पताल चौपाल तक निरीक्षण किया। इस दौरान बाजार में बिना मास्क घूम रहे छह लोगो और कारोबारियों के चालान काटे गए। इसमें करीब तीन हजार जुर्माना वसूला गया है। इसके बाद तहसीलदार चौपाल ने बसों का भी निरीक्षण किया।
कोरोना के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए चौपाल प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करने का फैसला किया है। इसकी वजह यह है कि चौपाल में लगातार कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ते जा रहे हैं। उपमंडल में दस नए कोरोना संक्रमण के मामले आने से कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या 38 हो गई है। एसडीएम चौपाल नरेंद्र चौहान ने ग्राम पंचायत बगाहर में चल रहे शादी समारोह का औचक निरीक्षण किया। यहां कोरोना गाइडलाइन के उल्लंघन पर दूल्हे संदीप कुमार को पांच हजार जुर्माना किया गया।
इसके अलावा तहसीलदार नेरवा ने ग्राम कांदल में चल रहे शादी समारोह का निरीक्षण किया। यहां पर भी नियमों की अवहेलना हो रही थी। इसको देखते हुए आयोजक पर पांच हजार हजार रूपये जुर्माना किया गया है। उपमंडलाधिकारी चौपाल नरेंद्र चौहान ने कहा कि अब लोगों को किसी भी समारोह के आयोजन से पहले अनुमति लेनी होगी। उन्होंने कहा कि आयोजक के पास अनुमति नहीं पाई गई और कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन हुआ तो जुर्माना किया जाएगा। इसके अलावा एफआईआर भी दर्ज की जाएगी। कहा किसी भी शादी समारोह या अंतिम संस्कार के लिए 50 से अधिक व्यक्ति इकट्ठा नहीं हो सकते हैं। इसके अलावा शादी में म्यूजिक नहीं बजेगा।