आनी(कुल्लू)। नगर पंचायत आनी और निरमंड के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को एसडीएम आनी चेत सिंह ने मंगलवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। नवनिर्वाचित नगर पंचायत आनी और निरमंड के लिए अप्रैल माह में चुनाव हुए थे और बीते माह ही अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव हो चुका है। इसी कड़ी में मंगलवार को एसडीएम कार्यालय आनी में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लिए शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कोरोना गाइडलाइन के तहत सूक्ष्म स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इसमें एसडीएम चेत सिंह ने बतौर मुख्यातिथि नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। आनी नगर पंचायत के लिए अध्यक्ष सरसा देवी और उपाध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, निरमंड नगर पंचायत के लिए अध्यक्ष ममता देवी और उपाध्यक्ष विकास शर्मा ने शपथ ग्रहण की।
एसडीएम चेत सिंह ने इस मौके पर दोनों नगर पंचायतों के नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष से कोरोना से निपटने के लिए सहयोग की अपील की। इसके साथ ही उचित निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि आनी और निरमंड नगर पंचायतों के जन प्रतिनिधि बाहर से आने वाले लोगों की सूचना प्रशासन तक पहुंचाए। कोरोना संक्रमित लोगों की हर संभव सहायता करें। प्रशासन इस संबंध में जन प्रतिनिधियों का भरपूर सहयोग करेगा।