दढ़ियाल में कोसी नदी के पार जंगल में स्वार और दढ़ियाल पुलिस की रामपुर, मुरादाबाद और संभल के चार गोतस्करों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान चारों गोतस्कर गोली लगने से घायल हो गए। दढ़ियाल चौकी प्रभारी राकेश कुमार को भी गोली लगी है। घायल तस्करों को टांडा और स्वार सीएचसी में भर्ती कराया गया।
पूछताछ के दौरान गोतस्करों ने बताया कि वह गोवंशीय पशुओं का वध कर मांस बेचते हैं। एक सप्ताह पहले भी उन्होंने मिलक क्षेत्र में एक सांड़ का वध किया था। जाग होने के कारण वह मांस नहीं ले जा सके थे।
पुलिस ने तस्करों के पास से एक गोवंशीय पशु, एक कार, तीन तमंचे, सात कारतूस, चार खाली कारतूस बरामद किए। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम में स्वार कोतवाल कोमल सिंह और थाना प्रभारी टांडा सुरेंद्र पचौरी, दढ़ियाल चौकी प्रभारी राकेश कुमार व अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
मुठभेड़ में पकड़े गए गोतस्करों पर विभिन्न थानों में पशु क्रूरता, आर्म्स एक्ट और धोखाधड़ी समेत अनेक गंभीर मामले न्यायालयों में विचाराधीन हैं। गोतस्कर फईम पर शाहजहांपुर व मूंढापांडे में सीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं।
सलीम पर आर्म्स एक्ट व 11 पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमे चल रहे हैं। मन्नान पुत्र इस्लाम हिलाली सराय संभल के खिलाफ भी चंदौसी और संभल में गैंगेस्टर, आर्म्स एक्ट, चोरी व धोखाधड़ी समेत आठ मामले चल रहे हैं।
इसके अलावा फरमान पुत्र यूसुफ निवासी खम्गूसराय थाना नखासा जनपद संभल के ऊपर आईपीसी की 307, 3/25 आर्म्स एक्ट व 11 पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं।