अब्दुल्लाह आजम के दोस्त गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
सपा के पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम के दो दोस्तों अनवार हुसैन और सालिम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इन दोनों के समेत चार पर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की थी, जिसमें ये वांछित चल रहे थे। पुलिस ने चारों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
अब्दुल्ला आजम के दोस्त अनवार और सालिम का पिछले साल जुआ खेलते वीडियो वायरल हुआ था। 16 जुलाई 2022 को पुलिस ने इस मामले में सिविल लाइंस कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की थी।19 सितंबर 2022 को पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने जौहर यूनिवर्सिटी से नगर पालिका की सफाई मशीन बरामद की थी। शहर कोतवाली की पुलिस ने इस मामले में आजम खां, अब्दुल्ला आजम, अजहर खां, अनवार और सालिम सहित अन्य कई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
इन दोनों मुकदमों सहित अन्य कई मुकदमों को आधार बनाकर शहर कोतवाली पुलिस ने अब्दुल्ला के दोस्तों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में 22 फरवरी 2022 को रिपोर्ट दर्ज की थी। इस मुकदमे में अनवार, सालिम, तालिब और गौतमबुद्धनगर जिले के थाना नालिज पार्क तीन के ग्राम तुगलपुर निवाासी प्रदीप कुमार को नामजद किया गया था।
गैंगस्टर के मुकदमे में पुलिस को इन चारों की तलाश थी, लेकिन चारों लापता चल रहे थे। इसके बाद पुलिस ने अनवार, सालिम, तालिब और प्रदीप पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। एसपी अशोक कुमार शुक्ला ने बताया कि गंज थाना की पुलिस ने बृहस्पतिवार को बरेली गेट के पास अनवार हुसैन और तालिब को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि अनवार हुसैन नौ और सालिम पर छह मुकदमे दर्ज हैं।