शाहबाद क्षेत्र के ढकिया गांव में बुधवार को धूमधाम के साथ श्रीराम बारात निकाली गई। इस दौरान बैंडबाजे की धुन पर श्रद्धालु झूमते रहे और प्रभु श्री राम के जयघोष लगाते रहे। बारात में कई देवी-देवताओं की झांकियां भी शामिल रहीं।
ढकिया गांव में पिछले कई दिनों से रामलीला का मंचन किया जा रहा है।
इसमें बुधवार को श्रीराम-जानकी विवाह की लीला का मंचन किया गया। इससे पहले श्री राम बारात का आयोजन किया गया। इसकी शुरुआत ग्राम देवता स्थान से की गई। बाद में बारात गांव के विभिन्न मार्गों में घूमी। इसमें श्री राम, लक्ष्मण जी और गुरु वशिष्ठ के साथ ही शंकर-पार्वती, गणेश जी आदि देवी-देवताओं की झांकियां भी शामिल रहीं।
श्रीराम बारात में श्रद्धालु श्री राम के जयकारे लगाते हुए नाचते हुए चल रहे थे। इसके साथ ही श्रीराम बारात में शामिल श्रीराधा-कृष्ण की नृत्य करती झांकी भी आकर्षण का केंद्र रही। श्री राम बारात गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए रामलीला मंचन स्थल पर पहुंची जहां पर राजा जनक ने बारात का स्वागत, किया।
इस दौरान कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर बारात का स्वागत भी किया। इस दौरान डा. विपिन कुमार शर्मा, डा. राजपाल सिंह, लक्ष्मण सिंह, केपी सिंह, बनवारी सिंह, कोमिल सिंह, नंदकिशोर, राजवीर रहे।