रामपुर। जिले में शुक्रवार रात से शनिवार दोपहर तक हुई बारिश से बीते आठ सालों का रिकार्ड टूट गया है। जिले में 54 एमएम बारिश हुई है। यह बारिश धान की रोपाई के लिए बहुत फायदेमंद साबित हुई है। हालांकि इस बारिश से मेंथा, मिर्च एवं करेले की फसल को नुकसान हुआ है।
मानसून की दस्तक के साथ ही जिले में शुक्रवार रात से ही शुरू हुई बारिश शनिवार दोपहर तक होती रही। जिले में मेघा 54 एमएम बरसे। इससे पहले 17 जून 2013 को रामपुर में लगभग इतनी ही बरसात हुई थी। सबसे ज्यादा बारिश बिलासपुर क्षेत्र में हुई। झमाझम बारिश के बाद धान और गन्ना किसानों के चेहरे खिल गए हैं। किसानों ने बताया कि धान की रोपाई के समय पानी की सर्वाधिक जरूरत होती है। वहीं, इस बार डीजल के दाम भी आसमान छू रहे हैं। शनिवार को डीजल का रेट 87.98 रुपये प्रति लीटर था, लेकिन बारिश ने ही किसानों के खेत पानी से भर दिए। ऐसे में अब किसानों के लिए धान की रोपाई करना आसान हो जाएगा। वहीं, मिर्च, मेंथे और करेले की फसल को नुकसान हुआ है।