रामपुर। आंधी-बारिश से हुए रबी फसल के नुकसान के बाद जिन किसानों ने अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। उनमें से पात्र बीमित किसानों को मुआवजे का भुगतान किया जाना शुरू कर दिया गया है। जिले में प्रथम चरण में करीब 18 लाख रुपये से बीमा धनराशि का भुगतान किया गया है। ये सभी व्यक्तिगत शिकायत के आधार पर किए गए हैं। व्यक्तिगत और कमेटी सर्वे के आधार पर अभी और किसानों के बीमे का भुगतान भी किया जाएगा।
जिले में दिसंबर माह से ही मौसम फसलों पर भारी पड़ रहा है। मध्य दिसंबर के आसपास जिले में तेज आंधी-बारिश हुई, इसके बाद यह सिलसिला जनवरी, फरवरी मार्च से लेकर अब तक थम-थम कर जारी है। रबी फसल के किसानों को काफी नुकसान हुआ। जिसमें अधिकतर किसान गेहूं फसल के ही थे। बारिश से हुए नुकसान के लिए शासन ने टोल फ्री नंबर जारी किए, जिन पर किसानों से शिकायत दर्ज कराने को कहा गया। इसके बाद शिकायतों के आधार पर इन की जांच की गई और बीमित पात्र किसान के बीमा मुआवजा धनराशि का भुगतान शुरू कर दिया गया है।
जिले में करीब पांच सौ किसानों ने शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें शासन स्तर और बीमा कंपनी स्तर से की गई जांच में करीब 300 बीमित किसान पात्र किसान पाए गए हैं। इनमें से 69 किसानों को 18 लाख 9 हजार 648 रुपये का मुआवजे का भुगतान किया गया है। अभी जनवरी माह के कुछ दावे और फरवरी-मार्च के दावे लंबित हैं, जिनका शीघ्र ही भुगतान कर दिया जाएगा। इसके साथ ही क्रॉप कटिंग सर्वे के आधार पर बीमे के मुआवजे का भुगतान किया जाएगा।
जिले में 69 किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 18,09,648 रुपये का भुगतान किया गया है। करीब सप्ताह भर में एक और किस्त जारी कर बीमित पात्र किसानों को मुआवजे का भुगतान किया जाएगा।
- नवनीत भारद्वाज, प्रबंधक, यूनीवर्सल सोंपो बीमा कंपनी