नवरात्र पर मिलावट का जहर कम करने के लिए फूड विभाग की टीम एक्टिव हो गई है। फूड विभाग की टीम ने छापेमारी शुरू कर दी है। इसके तहत टीम ने ज्वाला नगर में दो दुकानो पर छापा मारा,जहां से कुट्टू के साथ ही सिंघाड़े के आटे के नमूने भरे। इनको जांच के लिए लैब भेज दिया गया है।
यूं तो खाद्य पदार्थो पर मिलावट का जहर पहले से ही घोला जा रहा है। मगर, मिलावटखोर नवरात्र जैसे त्योहारो में भी लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने में बाज आ नहीं आ रहे हैं,जिसके चलते दिक्कत महसूस हो रही है। आधे नवरात्र के उपवास बीत चुके हैं,लेकिन फूड विभाग की टीम ने कोई अभियान नहीं चलाया,जिस पर इस मुद्दे को अमर उजाला ने उठाया तो फूड विभाग की टीम हरकत में आ गई। फूड विभाग की टीम ने गुरुवार से छापेमारी शुरू कर दी।
फूड विभाग की टीम ने ज्वाला नगर में श्याम बाबा ट्रेडर्स की दुकान पर छापा मारा। टीम ने यहां से कुट्टू के आटे के सैंपल भरे। इसके बाद टीम ने ज्वाला नगर पुलिस चौकी के पास स्थित स्वामीनाथन जनरल स्टोर पर भी छापेमारी की। टीम ने यहां से भी सिंघाड़े के आटे के नमूने भरे। इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
फूड विभाग के अभिहित अधिकारी चमन लाल के मुताबिक श्याम बाबा ट्रेडर्स और स्वामीनाथन जनरल स्टोर पर छापेमारी करते हुए सैंपलिंग की गई है। सैंपल को जांच के लिए लैब भेज दिया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई होगी। उनके मुताबिक अभी यह अभियान और तेज चलाया जाएगा।