कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बिलासपुर की जनसभा में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर टिप्पणी को गंभीरता से लिया और कहा कि देश के प्रधानमंत्री को इतनी तमीज तो होनी चाहिए कि किसी के गुसलखाने में न झांकें, सड़क पर कोई गुंडा मिल जाए वो ऐसी हरकत करे तो समझ में आता है, प्रधानमंत्री को यह शोभा नहीं देता।
प्रधानमंत्री का काम युवाओं को रोजगार दिलाने और देश की तरक्की करना होता है, ढाई साल के कार्यकाल में भाजपा सरकार कोई ऐसा काम नहीं कर सकी है जिससे तरक्की हुई है, नोटबंदी करके देश के 50 उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के अलावा गरीब किसान मजदूरों देश की जनता को लाइन में जरूर लगवा दिया।
बिलासपुर के बिशारतनगर के मैदान में कांग्रेस-सपा गठबंधन के प्रत्याशी संजय कपूर के समर्थन में शनिवार को जनसभा करने पहुंचे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के निशाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही थे।
राहुल गांधी ने मोदी के मनमोहन सिंह के बारे में दिए गए बयान पर तीखा हमला कर जवाब दिया। राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी को जो करना है वो करें, जन्मपत्री निकालें किसने मना किया है लेकिन ये सब वो अपने खाली समय में करें क्योंकि उन्हें दूसरों के बाथरूम में झांकना, गूगल पर वक्त बिताना, जन्मपत्री निकालना बहुत पसंद है तो वो निकालें लेकिन जनता से जो वादे उन्होंने किए थे उन्हें भी पूरा करें। उन्होंने कहा कि आग से आग नहीं बुझती आग बुझाने के लिए पानी की जरूरत होती है। मैं एकबार उन्हें जरूर हराऊंगा।
इस मौके पर पूर्व विधायक रमाबाबू शास्त्री, पार्टी आब्जर्बर रमेश चंद्र, विपिन कुमार पप्पी, उज्जवल दीदार सिंह साबी, शाकिर अली खां सज्जू, रतिराम यादव, डा जफर उल्ला खां, कमरयार खां, रामजी पांडेय, परवेज मामू, याकूब अली खां, संतोष कपूर, शानू खां, दर्शन सिंह भट्टी, हबीबउर्रहमान खां, अथर अली खां, शहाब अली खां, गुरमीत सिंह भट्टी, अरशद खां गुड्डू, लखविंद्र सिंह आदि मुख्य थे।