रामपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के सदस्यों ने शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट सर्वेश बहादुर गुप्ता को सौंपा। उन्होंने शिक्षकों की समस्याएं पंद्रह दिनों के भीतर निस्तारित करने की मांग की है।
शिक्षकों का कहना है कि जिला बेसिक शिक्षाधिकारी कार्यालय में तैनात वित्त एवं लेखाधिकारी के दफ्तर में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। शिक्षकों की समस्याओं का लंबे समय से न तो निस्तारण किया जा रहा है न ही कोई सुनवाई हो रही है। शासन एवं प्रशासन के स्तर पर भी दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि शिक्षकों की 18 माह की पेंशन उनके खाते में जमा कराई जाए। 2018 में नियुक्त शिक्षकों के प्रारंभिक अवशेष का भुगतान किया जाए। अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में चयनित किए गए शिक्षकों का वेतन नए विद्यालयों से निकाला जाए। उन्होंने ग्यारह सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष कैलाश बाबू, उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. राजवीर सिंह, योगेश कश्यप, अरविंद गंगवार, संतोष प्रसाद, दिलशाद वारसी, राजीव कुमार शर्मा, आनंद सिंह भंडारी, मोहम्मद खलील, एमपी सिंह, सरदीप गौतम, हरीश बाबू, नीतू सिंह, राजकुमार तोमर आदि उपस्थित रहे।