भोट। नए कृषि कानूनों की वापसी की मांग को लेकर टोल प्लाजा पर धरने पर डटे किसान किसी भी कीमत पर पीछे हटने के लिए तैयार नहीं हैं। चिलचिलाती धूप के बाद अब बारिश में भी किसानों का आंदोलन जारी रहा। किसानों ने तिरपाल के नीचे बैठकर धरना दिया और केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
नए कृषि कानूनों की वापसी मांग को लेकर कोयला टोल प्लाजा पर चल रहा किसानों का धरना 16वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान तेज बारिश होने पर किसानों ने टोल प्लाजा परिसर में ही तिरपाल बांधकर अस्थायी रूप से बारिश का बचाव किया और तिरपाल के नीचे बैठकर धरना दिया । मौजूद किसानों को संबोधित करते हुए भाकियू के मंडल उपाध्यक्ष मोहम्मद तालिब ने कहा कि किसान आंधी, बारिश, धूप या ठंड से डरने वाला नहीं है। ये सब तो किसान के साथी है और इन सबको सहन करते हुए ही किसान अपनी फसल तैयार कर देश के लिए अनाज का उत्पादन करता है। किसान अब इसी धूप, ठंड, बारिश व आंधी, तूफान के बीच आंदोलन करके ही तीनों कृषि कानूनों को वापस भी करवाएगा। इसलिए, देश की सरकार यह समझ ले कि किसान हार मानने वाला नहीं है और किसानों के समय की बर्बादी को बचाते हुए जितनी जल्दी हो सके इन तीनों कृषि कानूनों को वापस ले ले, अन्यथा जब तक सरकार तीनों किसान विरोधी कानूनों को वापस नहीं लेगी किसानों का आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान मोहम्मद याकूब, मुजफ्फर अली, छिद्दा नेता, शाकिर, तौकीर, अनीस अहमद, फरमान अली, चंद्रसेन, नदीम अली, नबी अहमद, अजय, शकील, अब्दुल मुस्तफा, रामौतार, विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।