रामपुर। बिजली विभाग के अभियंता चार व पांच अक्तूबर को सभी ऊर्जा निगमों के तमाम अभियंता काली पट्टी बांध कर विरोध दिवस मनाएंगे। समस्त जनपद मुख्यालयों व परियोजनाओं पर शाम पांच बजे विरोध सभा करेंगे। छह, सात व आठ अक्तूबर को सायं चार से पांच बजे तक एक घंटे का कार्य बहिष्कार करेंगे। 11 एवं 12 अक्तूबर को सायं तीन बजे से पांच बजे तक दो घंटे का कार्य बहिष्कार किया जाएगा। 18 से 23 अक्तूबर तक अपरान्ह दो बजे से सायं पांच बजे तक तीन घंटे का कार्य बहिष्कार किया जाएगा। 18 अक्तूबर से ही सभी ऊर्जा निगमों के अभियंता नियमानुसार कार्य आंदोलन प्रारंभ कर देगें। जिसके अंतर्गत सायं पांच बजे से अगले दिन प्रात: दस बजे तक कोई कार्य नहीं करेंगे। विद्युत अभियंता कार्य के समय में भी केवल अपने लिए ही निर्धारित कार्य करेंगे, अन्य कोई कार्य नहीं करेंगे। समस्याओं का सार्थक समाधान नहीं होने पर 26 अक्तूबर से सभी अभियंता अनिश्चित कालीन कार्य बहिष्कार प्रारंभ कर देंगे।