रामपुर। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई के विरोध में हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया। साथ ही देश में लगातार बढ़ रही महंगाई के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
इस अवसर पर युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव नोमान खां ने कहा कि भाजपा ने देश की गरीब जनता की कमर तोड़ दी है। सरसों का तेल 200 रुपये प्रति लीटर के पार तो पेट्रोल सौ रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है। घरेलू गैस सिलिंडर पर भी लगातार महंगाई बढ़ रही है। जिससे आम जनता महंगाई के बोझ तले दब गई है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई को देखकर ऐसा लग रहा है कि सरकार के पास महंगाई को काबू में करने की कोई नीति नहीं है। कांग्रेस की सरकार में खाद्य पदार्थों से लेकर पेट्रोलियम पदार्थों और अन्य सामग्री पर इतनी महंगाई नहीं थी लेकिन, आज केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आम आदमी का महंगाई से बहुत बुरा हाल है। गरीबों के घर में चूल्हे नहीं जल पा रहे हैं। युवा कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों और बढ़ती हुई महंगाई के खिलाफ सड़क से संसद तक लड़ाई लड़ेगी। इस अवसर पर शहर अध्यक्ष मामून शाह खां, सय्यद फै़सल हसन, हाजी नादिश खां,दिव्यांश सिंघल, अंकुश अग्रवाल, ताबिश खां,मणि कपूर, एजाज हुसैन आदि मौजूद रहे।