रामपुर। पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता खत्म करने के विरोध में कांग्रेस पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ स्टेट बैंक चौराहे पर विरोध प्रदर्शन कर प्रदर्शन किया। इस दौरान नारेबाजी करते हुए मोदी सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया।
जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र देव गुप्ता ने कहा कि राहुल पर निशाना है अडानी को बचाना है। राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द करना देश के लोकतंत्र की हत्या जैसा है। कहा कि राहुल गांधी ने संसद में गरीबों और किसानों की आवाज उठाई। इसकी सजा उनको दी गई। उन्होंने कहा कि एक शहीद के बेटे पर बार-बार हमला किया जा रहा है। बताया कि जिस इंदिरा गांधी ने देश के लिए जान गवां दी। उसके पोते पर इतने वार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए है कि उन्होेंने पूछ लिया है कि नीरव मोदी और मेहुल चौकसी देश के 14000 करोड़ लेकर कैसे फरार हो गए। इस दौरान पूर्व विधायक अफ़रोज अली खां ने कहा कि विपक्ष के नेता का काम जनता की आवाज उठाना है। कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने के लिए राहुल गांधी को सजा दे रहे हैं। पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष मुतिउर्रहमान खां बब्लू ने कहा कि राहुल जब से राजनीति में हैं, किसानों की आवाज उठाते आए हैं। इस मौके पर शहर अध्यक्ष नोमान खां, मामून शाह खां, इकबाल खां, दुर्गेश मौर्या, महेंद्र यदुवंशी, रामगोपाल सैनी, चितरंजन श्रीवास्तव, हसीब खां, दिव्यांश सिंघल, रिजवान मियां, वासिक अली, अकरम सुलतान, शैजी सैफी, मुसव्विर खां, मणि कपूर, अजीम मियां, नासिर खां, सलारउर्र रहमान खां मेहरबान अली, इमरोज मंसूरी, शुभम रस्तोगी, ताबिश खां, दानिश घोसी आदि मौजूद रहे।