रामपुर। गेहूं खरीद में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए जांच कर कार्रवाई की मांग करते हुए भारतीय किसान यूनियन असली का धरना गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रहा।
भारतीय किसान यूनियन असली के जिलाध्यक्ष बाबू अली के नेतृत्व में संगठन से जुड़े किसान बुधवार से जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों का यह धरना प्रदर्शन दूसरे दिन गुरुवार को भी जारी रहा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष बाबू अली ने आरोप लगाते हुए कहाकि वास्तविक किसानों को एमएसपी का लाभ नहीं मिल सका। क्रय केंद्रों पर बिचौलियों के माध्यम से फर्जी पंजीकरण के आधार पर तौल होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने जांच कर कार्रवाई की मांग की। कहा कि बिचौलियों ने ऐसे किसानों को भी बटाईदार दर्शा दिया जिन्हें जानते तक नहीं हैं। इस दौरान किसानों ने खजुरिया, मनकरा, राजा रामपुर और गोसमपुर क्रय केंद्र के गेहूं खरीद से संबंधित अभिलेख जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी को उपलब्ध कराते हुए जांच कर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान जिला प्रभारी राम प्रकाश शर्मा, जिला मंत्री सत्यप्रकाश शर्मा, अमरपाल सिंह यादव, शरद शर्मा, नंदकिशोर, हुलासी, राम अकरम, बाबर रामस्वरूप, फैज मोहम्मद, फहीम अहमद शामिल रहे।