रामपुर। किशोरी की बरामदगी को लेकर आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों के संग अजीमनगर थाने के गेट पर धरना दिया। ग्रामीणों का आरोप था पुलिस आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही। जबकि पुलिस का कहना है कि पीड़ित ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है। वहीं देर शाम तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज जांच शुरू कर दी है।
मामला अजीमनगर थाना क्षेत्र के गांव से जुड़ा हुआ है। 5 दिन पहले थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक किशोरी को दूसरे समुदाय का युवक लेकर फरार हो गया था। सूचना के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी थी। लेकिन, परिजनों की ओर से तहरीर न मिलने के कारण रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी। मामले में शनिवार को आजाद समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष तारिक परवेश के नेतृत्व में ग्रामीणों ने थाने के गेट पर धरना दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। धरना देने वालों का आरोप था के कई दिन बीतने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। जबकि पुलिस का कहना है कई दिन से इन लोगों से तहरीर मांगी जा रही है। लेकिन अभी तक कोई भी तहरीर नहीं दी है। करीब आधा घंटा धरना देने के बाद ग्रामीण वापस गांव चले गए। इसके बाद देर शाम पुलिस को तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले में पुलिस ने राजू, अरविंद और माखन सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।