रामपुर। दिल्ली की घटना सहित वकीलों पर हो रहे हमले की घटना की विरोध में शुक्रवार को अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। बार एसोसिएशन की पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। पूरे यूपी में आए दिन हो रही अधिवक्ताओं की हत्या के विरोध राज्य विधिज्ञ परिषद उत्तर प्रदेश की ओर से आठ नवंबर को हड़ताल के आदेश दिए गए थे। शुक्रवार को बार एसोसिएशन की ओर से सभागार में एक मीटिंग आयोजित की गई। इस मौके पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद लोधी ने कहा कि आए दिन अधिवक्ताओं की हत्याएं हो रही है। साथ ही 2 नवंबर को दिल्ली में भी अधिवक्ताओं के साथ मारपीट हुई थी। जिसको लेकर प्रशासन गंभीर नहीं है। इसके बाद सभी अधिवक्ता एकत्र होकर डीएम कार्यालय पहुंच गए। जहां मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को दिया। जिसमें तीस हजारी कोर्ट में हुई घटना में घायलों को दस लाख का मुआवजा दिए जाने, प्रदेश में जिन अधिवक्ताओं की हत्या हुई है उनके आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार करने की मांग प्रमुख है। इस मौके पर सतनाम सिंह, सदाकत हुसैन, संजीव यादव, मासूम अली के अलावा आदि अधिवक्ता मौजूद रहे। इस दौरान सभी अधिवक्ताओं के हड़ताल पर रहने के कारण कोर्ट का कामकाज बंद रहा।