रामपुर। नगर में संचालित एक अस्पताल को शिकायत के आधार पर जांच के बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने सील करवा दिया। अस्पताल को लेकर एक व्यक्ति ने इलाज में लापरवाही बरतने से उसकी बेटी की मौत होने के बाद शिकायत की थी।
नगर में संचालित अलशिफा केयर सेंटर में कुछ माह पहले 16 वर्षीय एक किशोरी की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इस पर उसके पिता ने मामले में जिलाधिकारी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत पर जिलाधिकारी के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट रामजी मिश्रा द्वारा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ पूरे मामले की जांच की गई। जांच में पाया गया कि संबंधित अस्पताल का चिकित्सक बीयूएमएस डिग्री धारक है और किशोरी के उपचार के दौरान अस्पताल का पंजीकरण भी वैध नहीं था। इसके साथ ही चिकित्सक द्वारा जिन दवाओं का उपयोग करके मरीज का उपचार किया जा रहा था उन दवाओं का उपयोग करने के लिए बीयूएमएस डिग्री धारक डॉक्टर अधिकृत नहीं है। इन सभी मामलों का गंभीरता पूर्वक अध्ययन करने के उपरांत सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में क्लीनिक को सील करा दिया गया। साथ ही क्षेत्रीय यूनानी अधिकारी को भी संबंधित डॉक्टर के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।