रामपुर। जो किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा नहीं कराना चाहते हैं, वह 24 जुलाई तक आवेदन कर दें। इसके बाद किए गए आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा और किसान की सहमति मानते हुए उसके केसीसी खाते से फसल बीमा का प्रीमियम काट लिया जाएगा।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अभी तक सभी किसान क्रेडिट कार्ड खाताधारक किसानों की फसलों से बीमे का प्रीमियम काटा जाता था। लेकिन, इस साल सरकार ने इसे किसान की स्वेच्छा पर आधारित कर दिया है। यानि किसान चाहे तो बीमा करवाए या नहीं करवाए लेकिन, जिन किसानों को अपनी फसल का बीमा न करवाकर प्रीमियम कटौती पर रोक लगवानी है उन्हें 24 जुलाई तक अपनी बैंक शाखा में लिखित में प्रार्थना पत्र देना होगा। जिले में पिछले साल करीब 62 हजार किसानों के केसीसी खाते पर बीमा प्रीमियम काटा गया था जबकि जिले में करीब पौने दो लाख किसानों के पास केसीसी खाता है। जिला कृषि अधिकारी चंद्रगुप्त सागर ने बताया कि जो भी किसान अपनी फसल पर बीमा प्रीमियम कटौती नहीं चाहते हैं वह संबंधित बैंक शाखा में 24 जुलाई तक लिखित आवेदन दे दें। इसके बाद इन सभी आवेदनों पर प्रीमियम न काटने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। शेष खातों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमे का प्रीमियम काटा जाएगा।