रामपुर। परीक्षा स्पेशल ट्रेन न चलने से परीक्षार्थियों को दूसरे दिन भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नियमित ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव बढ़ने से भीड़ अधिक रही और परीक्षार्थियों को सीटों के लिए मारामारी करनी पड़ी। दो पालियों में हुई परीक्षा के लिए देर रात से ही परीक्षार्थी सफर कर रामपुर पहुंचते रहे।
रामपुर में 14 हजार परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षा का अब एक दिन और शेष है। इस बार यूपी टेट के लिए रेलवे की ओर से कोई स्पेशल ट्रेन नहीं चलाई गई, जिससे नियमित ट्रेनों पर दबाव बढ़ गया। आला हजरत, योगनगरी ऋषिकेश, दून एक्सप्रेस, बाघ एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों से परीक्षार्थी रामपुर पहुंचे। कुछ ट्रेनों के विलंब से चलने से भी परेशानी बढ़ी। परीक्षा के बाद वापसी के समय भी परीक्षार्थी ट्रेनों का इंतजार करते दिखाई दिए और नियमित ट्रेनें खचाखच भरी रहीं।
यही स्थिति रोडवेज डिपो पर भी रही। यहां डिपो की बसें पर्याप्त संख्या में नहीं मिल सकीं, जबकि अधिकतर यात्री और परीक्षार्थी बाहरी डिपो की बसों पर निर्भर रहे। इनमें बरेली, पीलीभीत और मुरादाबाद के परीक्षार्थियों की संख्या अधिक रही। डिपो पर यात्री घंटों बसों का इंतजार करते रहे।
स्टेशन अधीक्षक मोहम्मद आजम का कहना है कि अभी परीक्षा का एक दिन और शेष है। यात्री और परीक्षार्थी दोनों का लोड नियमित ट्रेनों पर है। ऐसे में भीड़ बढ़ना स्वाभाविक है। परीक्षार्थियों को किसी भी तरह की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।