बिलासपुर। संपर्क क्रांति ट्रेन में दो युवकों से लूटपाट करने वाले तीन बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए रेलवे पुलिस ने सुरागरसी तेज कर दी है। पुलिस की पांच टीमें रुद्रपुर से रामपुर तक संदिग्ध स्थानों पर तलाश कर चुकी हैं। साथ ही करीब 350 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं, लेकिन अभी तक कोई अहम सुराग नहीं मिला है।
रुद्रपुर के मलिक कॉलोनी निवासी व्यापारी मनजीत सिंह के कर्मचारी ऋतिक मंडल और साहिब सिंह बुधवार सुबह दिल्ली माल खरीदने जा रहे थे। दोनों रुद्रपुर सिटी रेलवे स्टेशन से संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (15036) के कोच डी-वन में सीट संख्या 37 और 38 पर सवार थे। उनके पास करीब साढ़े तीन-तीन लाख रुपये थे।
बताया गया कि तीनों बदमाश उसी डिब्बे में सवार थे और लूटपाट के बाद ट्रेन के स्थानीय स्टेशन के पास धीमा होने पर कूद गए। इस दौरान बदमाशों ने हवाई फायरिंग करते हुए जंगल की ओर फरार हो गए। घटना के बाद रेलवे पुलिस ने कांबिंग अभियान चलाया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
जीआरपी थाना रामपुर में ऋतिक की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। बृहस्पतिवार को एसपी जीआरपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ितों से पूछताछ की। पुलिस टीमें लगातार संदिग्ध स्थानों पर दबिश दे रही हैं।