रामपुर की मंडी समिति में पंचायत चुनाव को लेकर हुई बैठक में मौजूद पुलिस कर्मी। संवाद
- फोटो : RAMPUR
रामपुर। प्रेक्षक एल वेंकटेश्वर लू, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ और पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम ने त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2021 के अंतर्गत निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए तैनात किए गए पुलिस बल को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
प्रेक्षक ने कहा कि मतदान केंद्रों पर शांति व्यवस्था को बनाए रखने में पुलिस बल की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका है। वे पूरी जिम्मेदारी और सजगता के साथ निर्वाचन प्रक्रिया को आयोग की मंशा के अनुरूप शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराएं। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बूथों पर आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुसार प्रत्येक व्यवस्था को दुरुस्त बनाएं रखने में पुलिस बल बेहद अहम भूमिका निभाते हैं। प्रत्येक गतिविधि पर निगरानी रखें और अव्यवस्था उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध सख्ती से पेश आएं। क्योंकि, चुनाव प्रक्रिया को सकुशल एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें व्यवधान उत्पन्न कराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन जगदम्बा प्रसाद गुप्ता और अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संसार सिंह भी मौजूद रहे।