तहसील में दस्तावेज जमा करने की स्पष्ट व्यवस्था न होने से लोगों में नाराजगी, बाद में समझाकर कराए गए जमा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। एसआईआर नोटिस के जवाब में दस्तावेज जमा करने पहुंचे लोगों ने बुधवार को तहसील परिसर में अव्यवस्थाओं को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि प्रशासन ने दस्तावेज जमा न करने पर नोटिस तो जारी कर दिए, लेकिन तहसील में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि दस्तावेज कहां और किसके पास जमा किए जाएं।
एसआईआर के पूरे दस्तावेज जमा न करने वाले विधानसभा क्षेत्र के करीब 15 हजार लोगों को नोटिस जारी किए गए थे। इन्हीं नोटिसों के क्रम में बुधवार को संबंधित लोगों को तहसील में एईआरओ के पास अपने दस्तावेज जमा करने थे। सुबह से ही तहसील में भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
ग्राम मनिहारखेड़ा की महिलाओं ने तहसील में हंगामा करते हुए आरोप लगाया कि उनके दस्तावेज कोई भी जमा नहीं कर रहा है। महिलाओं का कहना था कि वे सुबह करीब नौ बजे से भूखे-प्यासे तहसील परिसर में इधर-उधर भटक रही हैं।
बाद में दस्तावेज जमा कराने की जिम्मेदारी संभाल रहे एआरओ जगत सिंह ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और उनके दस्तावेज जमा कराए। पूरे दिन तहसील में दस्तावेज जमा करने वालों की भीड़ लगी रही।
इस संबंध में एसडीएम अरुण कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को भी दस्तावेज जमा किए जाएंगे। बुधवार को वह तहसील मुख्यालय पर नहीं थे, लेकिन गुरुवार को व्यवस्थाओं को और बेहतर कराया जाएगा।