देश के पहले गृहमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस मौके पर सीआरपीएफ और गांधी समाधि पर रन फार यूनिटी दौड़ हुई,जिसमें जवानों के साथ ही बच्चों ने देश की एकता के लिए दौड़ लगाई। इस मौके पर राष्ट्र की एकता को लेकर शपथ भी दिलाई गई।
लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया गया। इसके साथ ही राष्ट्रीय एकता सप्ताह की भी शुरुआत हो गई। इसके तहत सीआरपीएफ में सोमवार को विभिन्न कार्यक्रम हुए। इस मौके पर पहले जवानों की परेड हुई और फिर डीआईजी प्रवीन कुमार ने सलामी ली। इसके बाद सीआरपीएफ जवानों के स्कूली बच्चों के साथ ही जवानों ने परेड ग्राउंड में दौड़ भी लगाई। दौड़ के दौरान केंद्रीय विद्यालय, दयावती मोदी अकादमी, सेंट पाल स्कूल के तमाम बच्चे शामिल हुए। इस मौके पर डीआईजी ने राष्ट्रीय एकता को लेकर बच्चों और जवानों, अफसरों को शपथ दिलाई। साथ ही राष्ट्र की एकता का संकल्प लिया।
इस मौके पर उन्होंने लौह पुरुष के जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला। कहा कि जवान अपनी ड्यूटी को पूरी ईमानदारी से निभाएं। उन्होंने सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। इस मौके पर विजयी प्रतियोगियों को पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही राष्ट्रीय एकता सतर्कता सप्ताह की भी शुरुआत करने की घोषणा की गई साथ ही इसका भी संकल्प दिलाया गया। इस मौके पर हथियार भंडार के द्वितीय कमाडेंट अधिकारी गोपाल यादव, डिप्टी कमांडेंट शहनाज अली, विपिन धारीवाल, सहायक कमांडेंट राना प्रताप सिंह, रोहित त्रिपाठी, सुनील कुमार, सुभाष चंद्र झा, अश्विनी कुमार आदि मौजूद रहे। दूसरी ओर गांधी समाधि पर भी खेल विभाग की ओर से पांच किलोमीटर दौड़ का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ महावीर सिंह ने किया।
दौड़ में मुकरमपुर गांव के अब्दुल सलाम ने पहला, सींगनखेड़ा के रंजीत ने दूसरा, पनवड़िया के अजय ने तीसरा स्थान हासिल किया। इस मौके पर उपक्रीडाधिकारी विवेक कुमार, फहीम कुरैशी, प्रदीप कुमार सक्सेना, वीरेंद्र प्रताप सिंह, तुषार शर्मा मौजूद रहे।