फौजी डब्बे से उतारे जाने की शिकायत दर्ज कराने जीआरपी थाने पहुंचे यात्री।
रेलवे स्टेशन पर आई अवध-असम एक्सप्रेस के फौजी डिब्बे में चढ़ने की कोशिश कर रहे लोगों के साथ मारपीट और धक्का-मुक्की की गई। इस वजह से कई यात्रियों की ट्रेन छूट गई और उनका सामान भी ट्रेन के डिब्बे में रह गया। पीड़ित यात्रियों ने घटना की शिकायत जीआरपी से की है।
रामपुर रेलवे स्टेशन पर मुरादाबाद की ओर से आने वाली अवध-असम एक्सप्रेस गुरुवार को दोपहर बारह बजे प्लेटफार्म नंबर दो पर आई। यात्रियों की भीड़ अधिक होने के कारण कई लोग फौजी डिब्बे में चढ़ गए। डिब्बे में सवार जवानों ने यात्रियों को धक्का देकर नीचे उतार दिया। इसको लेकर प्लेटफार्म पर हंगामा होने लगा। इस बीच ट्रेन का सिग्नल हो गया और वह चल दी।
इस आपाधापी में कई यात्रियों की ट्रेन छूट गई। घटना से नाराज यात्री स्टेशन मास्टर के पास पहुंचे। स्टेशन मास्टर ने उनको जीआरपी में शिकायत दर्ज कराने की बात कही। जीआरपी ने यात्रियों को दूसरी ट्रेन से भेजने की बात कहकर शांत कराया।