रामपुर के पार्थ जैन का चयन यूपी की अंडर-16 टीम में हुआ है। पार्थ उद्यमी अमित जैन के पुत्र हैं। उन्होंने अपनी पढ़ाई रामपुर के व्हाइट हाल पब्लिक स्कूल और दयावती मोदी एकेडमी से की है। फिलहाल नोएडा में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं और क्रिकेट के गुर सीख रहे हैं।
पार्थ में क्रिकेट खेलने का जुनून बचपन से है। उनके इसी जुनून को देखते हुए उनके पिता ने क्रिकेट की कोचिंग दिलाने का फैसला लिया। इसके लिए वो हर सप्ताहांत में पार्थ को लेकर दिल्ली जाते थे। पार्थ वहां दो दिन तक रहकर क्रिकेट की कोचिंग लेता था, फिर वापस आता था।
इस भागदौड़ में निजात दिलाने के अमित जैन ने पार्थ का दाखिला नोएडा के स्कूल में करा दिया। पार्थ वहीं दसवीं की पढ़ाई कर रहा है और क्रिकेट का गुर सीख रहा है। पार्थ जैन का चयन यूपी की अंडर-16 टीम में सेमीफाइनल मैच के लिए हुआ है। वो बंगलूरू में 15 से 18 जनवरी तक यूपी और पंजाब के बीच खेले जाने वाले विजय मर्चेंट ट्राफी के मैच में नजर आएंगे। उनका चयन यूपीसीए ने जोन में प्रदर्शन के आधार पर किया है।