रामपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए नामांकन कराने आए प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की कड़ी सुरक्षा के बीच निगरानी ड्रोन से की गई। इस दौरान पुलिस ने नामांकन स्थल से दो सौ मीटर के दायरे को सील कर दिया। किसी भी गैरजरूरी व्यक्ति को आने जाने की इजाजत नहीं थी।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए शनिवार से नामांकन शुरू हो गए। लिहाजा, जिला प्रशासन एवं पुलिस फोर्स की ओर से नामांकन केंद्रों पर सुरक्षा को लेकर तमाम इंतजाम किए गए थे। नामांकन स्थल के दो सौ मीटर के दायरे को पूरी तरह से सील कर दिया गया था। ब्लॉक कार्यालय से लेकर जिला पंचायत कार्यालय तक को सील कर दिया गया था। सिर्फ प्रत्याशियों को ही जाने की इजाजत थी। इसके अलावा ड्रोन कैमरों से नामांकन स्थलों का जायजा लिया जा रहा था। नामांकन कराने के लिए आने वाले प्रत्याशियों के वाहनों को भी नहीं आने दिया जा रहा था। गेट पर तलाशी एवं चेकिंग के बाद ही आगे जाने दिया जा रहा था। शाम तक यही हालात रहे।