टांडा (रामपुर)। मोहल्ला आजादनगर में घर के बाहर खेलते रहे चार साल के मासूम पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने पहुंचकर बच्चे को बचाया, लेकिन तब तक कुत्ते बच्चे को नोचकर बुरी तरह जख्मी कर चुके थे। परिजन बच्चे को सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। बच्चे की हालत गंभीर बनी है।
शनिवार सुबह करीब 10 बजे आजादनगर निवासी इंतजार का चार साल का बेटा जौहान घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान उस पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और कुत्तों को भगाकर बच्चे को बचाया। लेकिन तब तक कुत्ते बच्चे को बुरी तरह घायल कर चुके थे। परिजन बच्चों को उपचार के लिए सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।
डॉक्टरों का कहना है कि बच्चे के मुंह और कमर पर निशान बने हुए हैं। परिजनों का कहना है कि बच्चे की स्थिति में अभी सुधार नहीं हो पा रहा है। डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं। आसपास के लोगों ने बताया कि कुत्तों का झुंड लगातार गलियों में घूम रहा है, लेकिन इनसे निजात दिलाने वाला कोई नहीं। बताया कि पालिका में कई बार इसके लिए शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
वर्जन
पूर्व में नगर पालिका की ओर से कुत्तों को पकड़ने का अभियान चलाया गया था। अब फिर से खूंखार कुत्तों को पकड़ने के लिए कवायद शुरू की जाएगी। जल्द ही समस्या से निजात दिलाई जाएगी। -साहिबा सरफराज, पालिकाध्यक्ष, टांडा