पीएसी को मिले 199 नए सिपाही, चार जिले में हुई तैनाती
मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन में हुआ पासिंग आउट परेड का आयोजन
रामपुर। पीएसी को 199 नए सिपाही मिले हैं। रामपुर रिजर्व पुलिस लाइन में 200 सिपाहियों की ट्रेनिंग हुई थी, जिसमें से 199 सिपाहियों ने ट्रेनिंग पास कर ली। जबकि, एक आरक्षी प्रथम इंडोर परीक्षा में फेल हो गया। उनकी ट्रेनिंग का समय 42 दिन बढ़ गया है। वहीं, 199 सिपाहियों को पासिंग आउट परेड के बाद चार जिलों की अलग-अलग पीएसी वाहिनी में तैनाती दे दी गई है। इस मौके पर डीआईजी मुरादाबाद जोन शलभ माथुर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। डीआईजी-एसपी ने पासिंग आउट परेड की सलामी ली और सिपाहियों को कर्तव्य निष्ठा के साथ कार्य करने की सीख दी।
नागरिक पुलिस और पीएसी के पदों पर सीधी भर्ती-2018 में 14 जनवरी को चयनित होकर आए 200 सिपाहियों की ट्रेनिंग पुलिस लाइन में पूरी हुई। इनकी छह माह से ट्रेनिंग चल रही थी। इस दौरान उन्हें अच्छे व्यवहार, आधुनिक समाज की जरूरतों के अनुसार योग्य और तकनीक के जानकार पुलिसकर्मी बनाने के लिए प्रशिक्षित किया गया। कोविड-19 संक्रमण के कारण प्रशिक्षण कार्य चुनौती भरा था, क्योंकि कोविड-19 के संक्रमण से सभी रिक्रूट आरक्षियों का बचाव एवं उन्हें स्वस्थ रखना विभाग के लिए बड़ी चुनौती थी। उच्चाधिकारियों एवं शासन के दिशा-निर्देशों का पालन कराते हुए 199 प्रशिक्षुओं ने स्वस्थ रहकर प्रशिक्षण प्राप्त किया है। जबकि, एक प्रशिक्षु प्रथम इंडोर परीक्षा में फेल हो गया। इसके बाद मंगलवार को पुलिस अधीक्षक की अगुवाई में दीक्षांत समारोह, पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि डीआईजी मुरादाबाद शलभ माथुर ने परेड की सलामी ली। इसके बाद परेड का निरीक्षण किया। इस मौके पर एसपी अशोक कुमार शुक्ला ने सभी सिपाहियों का उत्साहवर्धन करते हुए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संसार सिंह, क्षेत्राधिकारी पुलिस और जिले के अन्य अधिकारी के साथ सिपाहियों के परिजन मौजूद रहे।
चार जिलों के पीएसी वाहिनी में कहां कितने सिपाहियों को मिली तैनाती
8 वीं वाहिनी बरेली- 100 सिपाही
9 वीं वाहिनी मुरादाबाद-11 सिपाही
10 वीं वाहिनी बाराबंकी-12 सिपाही
23 वीं वाहिनी मुरादाबाद-20 सिपाही
24 वीं वाहिनी मुरादाबाद-23 सिपाही
44 वीं वाहिनी मेरठ-33 सिपाही
ट्रेनिंग में यह सिपाही रहे सर्वोत्तम
सर्वांग सर्वोत्तम- विपिन कुमार
आंतरिक विषयों में सर्वोत्तम- मयंक चौधरी
बाहय विषयों में सर्वोत्तम- विपिन कुमार
परेड कमाण्डर प्रथम- विपिन कुमार
परेड कमांडर द्वितीय-हैदर अली
परेड कमांडर तृतीय- बृजेश कुमार
किसी ने परिवार के साथ खिंचवाया फोटो तो किसी ने किया बच्चों को प्यार
रामपुर। रिजर्व पुलिस लाइन में छह माह से ट्रेनिंग कर रहे सिपाहियों को काफी दिन परिवार से मिले हो गए थे। जिस पर मंगलवार को ट्रेनिंग पूरी होने के बाद पासिंग परेड का आयोजन किया गया। इस मौके पर सिपाहियों के परिजन भी खुशी के मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान काफी समय बाद अपनों को देख सिपाही रुक नहीं पाए और किसी ने बच्चों को दुलार किया तो किसी ने परिवार के साथ फोटो खिंचवाया।
क्या बोले सिपाही
अमरोहा जिले के मंगोली गांव निवासी पवन कुमार ने बताया कि ट्रेनिंग के दौरान काफी अच्छा अनुभव रहा। ट्रेनिंग का समय काफी कठिन रहा। मेरी पोस्टिंग मुरादाबाद में हुई है। ट्रेनिंग के दौरान मिले अनुभव से नौकरी करने में आसानी होगी।
पवन कुमार
मुरादाबाद के डिलारी थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव निवासी दिग्विजय सिंह ने कहा कि ट्रेनिंग के दौरान मौसम ने साथ नहीं दिया। मौसम के उतार-चढाव से थोडी परेशानी हुई, लेकिन अधिकारियों से मिले हौसले और सपोर्ट से ट्रेनिंग पूरी की है। रामपुर में ट्रेनिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों का व्यवहार बहुत अच्छा था। इसका ही परिणाम है कि आज में सिपाही बन पाया हूं।
- दिग्विजय सिंह
क्या बोले सिपाहियों के परिजन
मैं एक किसान हूं। मैंने एक सपना देखा था कि मेरा बेटा योगेश पुलिस में जाकर देश की सेवा करें। जिसको आज मेरे बेटे ने पूरा किया है। परिवार में खुशी का माहौल है।
- जीत सिंह, निवासी ध्यानपुरा थाना कांठ
जब बेटा अच्छा कार्य करता है तो मां सबसे ज्यादा खुश होती है। मेरे लिए भी काफी खुशी का दिन है। मेरे परिवार में सभी मजदूरी करते है। मगर आज मेरे बेटे कनकपाल सिंह ने ट्रेनिंग पूरी की तो परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। मेरा बेटा काफी मेहनती है। उसकी इच्छा थी पुलिस में कार्य करने की जो आज पूरी हुई है।
राजवती देवी, निवासी वहेली वृहमनान थाना भोजपुर, मुरादाबाद