स्वार/मिलक खानम। मिलक खानम क्षेत्र की आर्यनगर बीट में लगातार दो दिन 40 से अधिक वन तस्कर जंगल में घुसे। ग्रामीणों का आरोप है कि वन तस्कर कई खैर, सागौन के पेड़ काटकर ले गए। हालांकि डीएफओ ने तीन पेड़ कटने की बात स्वीकारी है। इस दौरान वन तस्कर और वन विभाग के बीच करीब 20 राउंड फायरिंग भी हुई। कई वन कर्मियों को अपने बचने के लिए पेड़ों का सहारा लेना पड़ा। बीट प्रभारी दरोगा अतुल कुमार ने मिलक खानम पुलिस को तहरीर सौंपी है।
पीपली वन, आर्यनगर बीट वन तस्करों के निशाने पर है। वन तस्कर खैर और अन्य इमारती पेड़ों को लगातार काट रहे हैं। मंगलवार और बुधवार को करीब 40 से अधिक वन तस्कर आर्यनगर बीट में घुसे। यहां इन्होंने कई पेड़ काटे। वन विभाग के अधिकारियों को जैसे ही सूचना हुई तो टीम को मौके पर भेजा गया।
बुधवार को टीम के पहुंचते ही वन तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी। दोनों ओर से जमकर फायरिंग हुई। फायरिंग के दौरान वन टीम को छुपना पड़ा। सूत्रों के अनुसार तस्कर कई पेड़ काटकर ले जाने में सफल हुए।
उधर, डीएफओ ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस और वन कर्मियों ने आर्यनगर बीट में कांबिंग की लेकिन कोई तस्कर हाथ नहीं लगा। वन दरोगा अतुल कुमार ने मिलक खानम पुलिस को तहरीर सौंपी है। हालांकि पुलिस ने अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
सीओ अतुल कुमार ने बताया कि घटना की तहरीर मिलक खानम पुलिस को मिली है। जांच कराई जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
तीन खैर के पेड़ काटने की बात सामने आई है। लकड़ी बरामद कर ली है। पुलिस को तहरीर दी गई है। 40 से अधिक वन तस्कर जंगल में घुसे थे। कई राउंड फायरिंग हुई है। जंगल की कॉम्बिंग कराई जा रही है। इसके बाद कितने पेड़ काटे गए हैं, उसकी सही जानकारी मिल पाएगी। -प्रणव जैन, डीएफओ रामपुर