बिलासपुर। मोहल्ला पंजाबी कॉलोनी स्थित पुलिया के पास शुक्रवार रात बाइक सवार की लापरवाही से कार में टक्कर हो गई। विरोध करने पर बाइक सवार ने हंगामा शुरू कर दिया, जिससे पुलिया पर जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया।
मोहल्ला शांति कॉलोनी निवासी इंद्रेश पांडेय के अनुसार शुक्रवार रात करीब नौ बजे वह अपनी कार से घर से बाहर कहीं जा रहे थे। पंजाबी कॉलोनी पुलिया के पास सामने से आ रहे बाइक सवार युवक ने उनकी कार में बाइक ठोंक दी। इंद्रेश पांडे ने विरोध किया तो बाइक सवार युवक हंगामा करने लगा। हंगामे के कारण पुलिया पर वाहनों की भीड़ लग गई और जाम की स्थिति बन गई। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने हंगामा कर रहे युवक को समझाकर शांत किया। इसके बाद दोनों वाहनों को गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया। हादसे के दौरान लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। सीओ हर्षिता सिंह ने बताया कि घटना उनके संज्ञान में नहीं है।