रामपुर। जिले में शुक्रवार को कोरोना के 62 नए मामले सामने आए हैं, साथ ही एक व्यक्ति की इलाज के दौरान दिल्ली के अस्पताल में मौत हो गई। शुक्रवार को 16 और 17 अगस्त को आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजे गए सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त हो गई है। इन रिपोर्ट में 28 नए संक्रमितों की पुष्टि की गई है। एंटीजन टेस्ट रिपोर्ट, ट्रूनेट रिपोर्ट और निजी लैब की रिपोर्ट मिलाकर शुक्रवार को कुल 62 नए संक्रमितों की पुष्टि की गई है। इसके साथ ही 82 लोग डिस्चार्ज भी किए गए हैं।
रामनाथ कॉलोनी निवासी लगभग 55 साल के एक व्यक्ति की जो यहां की एक फैक्टरी में सहायक प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे कि इलाज के दौरान दिल्ली के अस्पताल में मौत हो गई। उनकी कोरोना जांच की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, साथ ही उनको किडनी संबंधी समस्या भी थी। इलाज के दौरान उनकी शुक्रवार की सुबह मौत हो गई। इसको मिलाकर जिले में कोरोना से होने वाली मौत का आंकड़ा 30 तक पहुंच गया है। इसके अलावा 16 अगस्त के प्रतीक्षारत 82 सैंपल में से 72 सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त हुई है और 10 सैंपल अब भी प्रतीक्षारत हैं। इनमें 21 नए कोरोना संक्रमितों की पुष्टि की गई है जबकि 46 की रिपोर्ट कोरोना निगेटिव आई है। पांच लोगों के सैंपल दोबारा भेजे जाएंगे। इसके साथ ही 17 अगस्त को भेजे गए 395 सैंपल में से 384 सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त हुई है। इनमें सात लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि की गई है जबकि 346 लोगों की रिपोर्ट कोरोना निगेटिव प्राप्त हुई है। इन सैंपल में से 29 लोगों के सैंपल दोबारा मांगे गए हैं।
एंटीजन टेस्ट रिपोर्ट में शुक्रवार को 20 अगस्त गुरुवार को हुए टेस्ट की रिपोर्ट प्राप्त हुई है। इस रिपोर्ट में 24 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि की गई है। सीएमओ ने बताया कि इसके साथ ही प्राइवेट आरटीपीसीआर लैब से छह और ट्रनेट मशीन की जांच में चार लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि की गई है। इन रिपोर्ट के बाद जिले में कुल सक्रिय मामलों की संख्या 588 है।