रामपुर के अजीमनगर थाना क्षेत्र के खौद में पेट्रोल पंप के बंटवारे के विवाद में भाइयों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान एक भाई की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में हत्या के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
खौद में गांव निवासी तसव्वर अली और महबूब अली का चौराहे पर पेट्रोल पंप है। पेट्रोल पंप को लेकर दोनों भाइयों में काफी समय से विवाद चल रहा था। शनिवार को दोनों भाइयों के बीच एक बार फिर विवाद हो गया। दोनों के बीच नोकझोंक और मारपीट हो गई।
इस दौरान महबूब अली (50) की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी शगुन गौतम का कहना है कि भाइयों के बीच बंटवारे का विवाद था। उन्होंने बताया कि महबूब अली के शव पर चोट या गला घोंटे जाने के निशान नहीं मिले हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ होगी। एसपी ने बताया कि तीन लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी गई है, जिसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।