भोट। नेशनल हाईवे पर अलग-अलग हादसों में बाइक सवार दंपती समेत चार लोग घायल हो गए और एक युवक की मौत हो गई। घायलों को परिजनों ने चिकित्सालय में भर्ती कराया है। युवक की मौत के बाद शव को मोर्चरी में रखा गया है। मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। उधमसिंह नगर के गदरपुर कस्बा निवासी जलीश मंगलवार दोपहर बाद हाईवे पर बाइक से जा रहा था। नेशनल हाईवे पर थूनापुर गांव के पास पहुंचते ही सामने की ओर से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार बाइक समेत दूर जा गिरा और घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
बाइक सवार को हाईवे पर घायल अवस्था में पड़ा देख राहगीरों की भीड़ लग गई व थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मौके पर पहुंची थाना पुलिस की टीम ने घायल को जिला चिकित्सालय भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, गंज थाना क्षेत्र के बिलासपुर गेट निवासी नन्हू अपने साथी के साथ भोट आया था। सोमवार देर शाम भोट कस्बे पर मुख्य चौराहे के पास पहुंचते ही सामने की ओर से आ रही कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों व्यक्ति घायल हो गए।
मंगलवार दोपहर भोट कस्बा निवासी मोहम्मद आकिल अपनी पत्नी के साथ रामपुर जा रहे थे। नेशनल हाईवे पर कोयली गांव के पास पीछे की ओर से आ रही एक कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने घायल को जिला चिकित्सालय भिजवाया है।