धमोरा(रामपुर)। आग से झुलसी महिला की उपचार के दौरान मृत्यु होने के मामले में बुधवार को पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इससे पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
शहजादनगर थाना क्षेत्र के बब्लू की मड़ैयान गांव निवासी धर्मवीर का अपने भाई रामपाल से भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। नौ जुलाई की रात को धर्मवीर अपनी पत्नी राधा और बच्चों के साथ घर में अंदर सो रहा था। आरोप था कि देर रात को रामपाल अपने परिवार के साथ दीवार तोड़कर धर्मवीर के घर में घुस आया और राधा पर केरोसिन डालकर आग लगा दी। इस बीच शोर मचाने पर लोगों को आता देख सभी मौके से फरार हो गए। बाद में परिजनों ने आनन फानन महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां से महिला की हालात गंभीर देखते हुए रेफर कर दिया था। इसके साथ ही पुलिस ने इस मामले में महिला के पति धर्मवीर की तहरीर के आधार पर रामपाल, हरीश, महेश और सरवेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। 15 जुलाई को महिला की दिल्ली के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस ने अब इस मामले में एक और आरोपी महेश को गिरफ्तार कर लिया। शहजादनगर थाना प्रभारी शरद पवार ने बताया कि एक महिला की मौत हो जाने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।