शाहबाद। ढकिया गांव में मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे बालू से लदा एक ओवरलोड डंपर अनियंत्रित होकर दुकानों में घुस गया। हादसे में पिलर क्षतिग्रस्त हो गया। पिलर आड़े आ जाने से डंपर पूरी तरह नहीं पलटा और बड़ा हादसा बच गया।
दुकानदार बृजनंदन सिंह चौहान ने बताया कि बालू से भरा डंपर शाहबाद से बदायूं के बिसौली की ओर जा रहा था। तेज रफ्तार होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और डंपर सड़क किनारे स्थित दुकानों में घुसते हुए आधा पलट गया। हादसे के समय घर में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
उन्होंने बताया कि डंपर की टक्कर से मकान में कई जगह दरारें आ गई हैं और भवन को काफी क्षति पहुंची है। उनका कहना है कि हादसे में करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है, जिससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इस संबंध में तहरीर दी गई है।