सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, 1400 किलोग्राम तेल बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर। हाईवे स्थित एक मेंथा फैक्टरी से लाखों रुपये के तारपिन के तेल की चोरी का मामला सामने आया है। चोरी की वारदात फैक्टरी में तैनात श्रमिकों ने ही अंजाम दी, जो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर तीन श्रमिकों को गिरफ्तार कर लिया है।
पनवड़िया के पास स्थित सुपरमिंट एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड फैक्टरी में टरपिनटाइन, मैंथोल और डेरिवेटिव्स का उत्पादन होता है। फैक्टरी के मैनेजर मुनीश चंद्र सक्सेना ने सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि फैक्टरी के रिसीवर से करीब 1600 किलोग्राम अल्फा पाईनिन (तारपीन का स्वरूप) चोरी हुआ है, जिसकी कीमत लगभग पांच लाख रुपये है।
मैनेजर की तहरीर पर तीन श्रमिकों और तीन अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। जांच के बाद पुलिस ने कल्याणपुर पट्टी निवासी सत्यपाल सिंह, विष्णु विहार कॉलोनी निवासी रोहित और मुरारी लाल को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1400 किलोग्राम अल्फा पाईनिन के ड्रम बरामद किए।
एएसपी अनुराग सिंह के अनुसार आरोपियों की निशानदेही पर शिवापुरम कॉलोनी के एक खंडहर से चोरी किए गए आठ ड्रम बरामद हुए हैं। मामले की जांच जारी है।