मसवासी (रामपुर)। फर्जी रॉयल्टी के सहारे अवैध खनन करने के गौरखधंधे और ओवरलोडिंग के खिलाफ मुरादाबाद मंडल तक के अधिकारी सक्रिय हो गए हैं। शनिवार देर रात अधिकारियों ने रेत भरे वाहनों की रॉयल्टी कब्जे में लेकर जांच की। रॉयल्टी सही पाए जाने पर वाहन चालकों को वापस की गई।
बीते एक सितंबर को राजस्व टीम द्वारा टांडा क्षेत्र के गांव अकबराबाद के इंफा स्टोन क्रेशर के पास एक ट्रक को फर्जी रॉयल्टी के साथ पकड़ा गया था, जिसपर खनन अधिकारी अजय कुमार ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। फर्जी रॉयल्टी के सहारे अवैध खनन की जानकारी पर प्रशासनिक अमला सजग हो गया। फर्जी रॉयल्टी की जांच को लेकर जनपद सहित मुरादाबाद मंडल के अधिकारी भी सक्रिय हो गए हैं। मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह के निर्देश पर शनिवार देर रात एडीएम वित्त एवं राजस्व हेम सिंह ने टीम के साथ मसवासी चौराहे चैकिंग अभियान चलाया। अधिकारियों की टीम ने रेत भरे वाहनों की रॉयल्टी कब्जे में लेकर बारीकी से जांच शुरू कर दी। रॉयल्टी सही पाए जाने पर वाहन चालकों को वापस कर दी गईं। इस दौरान एसडीएम अमन देवल, सीओ अतुल कुमार पांडेय, कोतवाली प्रभारी संदीप त्यागी और चौकी प्रभारी मनोज कुमार मिश्रा सहित राजस्व कर्मी मौजूद रहे।