रामपुर। डीएम की सख्ती के बाद गेहूं खरीद को लेकर अब एसडीएम ने भी गेहूं क्रय केंद्र प्रभारियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। एसडीएम में बृहस्पतिवार को तमाम गेहूं के केंद्रों का निरीक्षण किया। जिसमें पीसीयू व नेफेड एजेंसी के 12 केंद्रों पर गेहूं खरीद बेहद खराब पाई। एसडीएम ने सभी केंद्र प्रभारियों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।एसडीएम हिमांशु उपाध्याय बृहस्पतिवार की दोपहर गेहूं खरीद का जायजा लेने के लिए केमरी की उप मंडी पहुंचे। उन्होंने पीसीयू एजेंसी के सभी 11 केंद्रों का निरीक्षण किया। जिसमें दो केंद्रों पर गेहूं की खरीद सही पाई गई। अन्य नौ केंद्रों पर गेहूं की खरीद बेहद खराब पाई गई। जिसको लेकर एसडीएम ने सभी केंद्र प्रभारियों को जमकर फटकार लगाई और किसानों से गेहूं की खरीद तेजी के साथ करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नेफेड एजेंसी के केमरी में दो और नगर में एक केंद्र का निरीक्षण किया। तीनों केंद्रों पर गेहूं की खरीद खराब स्थिति में पाई गई। एसडीएम ने गेहूं खरीद में लापरवाही और सुस्ती दिखाने वाले सभी 12 केंद्र प्रभारियों को नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है। एसडीएम ने कहा कि गेहूं खरीद में किसी भी तरह की कोई भी कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गेहूं खरीद न होने पर केंद्र प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।