नये साल की पहली सुबह लोगों ने धार्मिक स्थलों पर मत्था टेककर परिवार, देश और समाज की कुशलता की कामना की। शुक्रवार सुबह से ही लोग मंदिर पहुंचे और पूजा अर्चना की। गुरुद्वारे में भी लोगों ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब के सामने मत्था टेका। ईसाई समाज के लोगों ने चर्च में जाकर प्रार्थना की।
नये साल का पहला दिन सबके लिए खुशियां लेकर आए, इस तमन्ना और दुआ के साथ आस्था के प्रतीक धार्मिक स्थलों में पहुंचे। युवाओं ने भी मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। नववर्ष पर अपने लिए कामयाबी और खुशियों की कामना करते हुए देवी-देवताओं से आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्री हरि मंदिर, अग्रवाल धर्मशाला मंदिर, सिविल लाइंस स्थित दुर्गा मंदिर, पुराना गंज स्थित माई का थान मंदिर, श्री त्रिपुरेश्वरी शक्तिपीठ और नाग मंदिर सहित मंदिरों में सुबह से भक्तों की कतार लगी रही। सिख समाज के लोग नये साल पहले दिन गुरुद्वारा में पहुंचे और श्री गुरु ग्रंथ साहिब के सामने मत्था टेककर सुख शांति की कामना की।
गुरुद्वारा संत भाई जी बाबा, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, गुरुद्वारा गुरु नानक दरबार सहित अन्य गुरुद्वारों में लोगों ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब के सामने मत्था टेका। ईसाई समाज के लोग कैथोलिक और मैथोडिस्ट चर्च पहुंचे। यहां पर नये साल के मौके पर प्रार्थना कराई गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। प्रार्थना में विश्व शांति की कामना की गई।