रामपुर। पूर्व राज्यमंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां ने भारत-ओमान के रिश्तों को मजबूत बनाने के लिए राजदूत हामिद सैफ अल-रवाही से मुलाकात की।
सल्तनत ओमान के 49वें राष्ट्र दिवस पर पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां की नई दिल्ली स्थित दूतावास में ओमान के राजदूत हामिद सैफ अल-रवाही से मुलाकात हुई। इस दौरान दोनों के बीच विभिन्न मुद्दों को लेकर बातचीत हुई। नवेद मियां ने बताया कि ओमान-भारत के बीच अच्छे व्यापारिक संबंध हैं। ओमान में भारत के पांच लाख से ज्यादा लोग हैं। उन्होंने कहा कि भारत और ओमान के बीच लगातार कूटनीतिक, राजनीतिक, व्यापार और नौसैनिक सहयोग जारी है। ओमान और भारत की थलसेनाओं के बीच तीसरा साझा युद्धाभ्यास ‘अल-नागाह- 2019’ ओमान के जबेल अल अखदर सैन्य शिविर में संपन्न हुआ है। इससे पूर्व फऱवरी 2018 में पीएम नरेंद्र मोदी ने भी ओमान की राजधानी मस्कट पहुंचकर तीन सौ साल पुराने शिव मंदिरमें पूजा अर्चना की थी। पूर्व मंत्री के पीआरओ काशिफ खां ने बताया कि सल्तनत ओमान के भारत में राजदूत रामपुर रजा लाइब्रेरी से प्रभावित हैं। उन्होंने बताया कि ओमान के स्कॉलर रजा लाइब्रेरी के कलेक्शन से लाभान्वित हो रहे हैं।